हज समिति के अध्यक्ष चुनने की कवायद शुरू

हज समिति के अध्यक्ष चुनने की कवायद शुरू

नई दिल्ली : लंबी राजनीतिक रस्साकशी के बाद बीते सप्ताहांत देश में नई हज समिति का गठन हो गया और अब उसका अध्यक्ष चुनने की कवायद शुरू हो गई है। अध्यक्ष चुनने के लिए नई हज समिति की बैठक इस महीने के आखिर तक संभव है। इसी साल 11 जनवरी को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई के नेतृत्व वाली हज समिति का कार्यकाल खत्म हुआ था। उसके बाद से ही हज समिति का गठन नहीं हो पाया था। बीते सप्ताहांत विदेश मंत्रालय ने नई हज समिति में शामिल सदस्यों की सूची जारी की।

हज समिति में अध्यक्ष सहित कुल 23 सदस्य होते हैं। छह सदस्य अलग-अलग जोन से चुनकर आते हैं, जबकि केंद्र सरकार सात सदस्यों का चयन करती है जो अलग-अलग श्रेणी में होते हैं। इनके अलावा दो लोकसभा के सदस्य और एक राज्यसभा के सदस्य को हज समिति में जगह दी जाती है।

लोकसभा के जिन दो सदस्यों को इस बार हज समिति में जगह दी गई हैं वे पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से सांसद अब्दुल मन्नान हुसैन तथा बिहार के भागलपुर से भाजपा सांसद एवं पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन हैं। शाहनवाज इससे पहले की हज समिति में भी शामिल थे। राज्यसभा के कोटे से बसपा सांसद सालिम अंसारी को भी नई हज समिति में जगह दी गई है।

तीन सदस्य ‘बड़े राज्यों’ से होते हैं। ‘बड़े राज्य’ उनको कहते हैं, जहां से सबसे ज्यादा हज यात्री इस पाक सफर के लिए जाते हैं। इस श्रेणी में केरल से ईटी मोहम्मद बशीर (मुस्लिम लीग) और उत्तर प्रदेश के चौधरी मुनव्वर सलीम (सपा सांसद) को जगह दी गई है। इस श्रेणी के तहत महाराष्ट्र से फिलहाल कोई सदस्य नहीं चुना गया है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 15, 2013, 17:42

comments powered by Disqus