Last Updated: Monday, December 26, 2011, 10:13

मुंबई : सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि अन्ना हजारे का भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान सांप्रदायिकता के भी खिलाफ है। मुस्लिम नेताओं के साथ टीम अन्ना की मुख्य समिति की बैठक के बाद संवाददाताओं से केजरीवाल ने इस धारणा को गलत बताया कि आंदोलन का सांप्रदायिकता के प्रति नरम रवैया है।
उन्होंने कहा कि सांप्रदायिकता बड़ा खतरा है। हमने कई बार कहा है कि हम पूरी तरह से सांप्रदायिकता के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि लोग चाहे किसी भी धर्म के हों, वे भ्रष्टाचार से समान रूप से प्रभावित हैं और भ्रष्ट अधिकारी हिंदू या मुस्लिम नहीं होता है। वह सिर्फ भ्रष्ट होता है।
उन्होंने इस डर को भी गलत बताया कि हजारे के अनशन स्थल पर अधिक भीड़ जमा होने से किसी तरह की समस्या या हिंसा हो सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लाखों लोग रामलीला मैदान में जमा हुए थे, लेकिन किसी तरह की समस्या नहीं आई। क्योंकि हमने सभी को चौकस रहने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन संसद के भी खिलाफ नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने देश और संसद को धोखा दिया है। हम हाथ जोड़कर संसद से प्रार्थना करते हैं कि वह एक अच्छा लोकपाल विधेयक पारित करे। इसी बीच एक मुस्लिम नेता ने सामने आकर कहा कि उनकी और उनके साथी नेताओं की टीम अन्ना के साथ काफी अच्छी वार्ता हुई जिसमें उनके कई संदेह मिट गए। उन्होंने कहा कि हमने सांप्रदायिकता पर खुल कर बात की। जहां तक भ्रष्टाचार की बात है, हम हमेशा इसके खिलाफ हैं।
(एजेंसी)
First Published: Monday, December 26, 2011, 16:44