हिमाचल सरकार ने पूरे नहीं किए वादे: सोनिया

हिमाचल सरकार ने पूरे नहीं किए वादे: सोनिया

हिमाचल सरकार ने पूरे नहीं किए वादे: सोनियाज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

शिमला: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज हिमाचल प्रदेश की भाजपा नीत सरकार पर निशाना साध कर राज्य में पार्टी का चुनाव प्रचार शुरू किया। हिमाचल प्रदेश के मंडी में सोमवार को आयोजित कांग्रेस की सत्‍ता परिवर्तन रैली में कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा पर जमकर प्रहार किया। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में जब से बीजेपी सरकार आई है, तब से उसने जनता के साथ किए वायदों को उसने पूरा नहीं किया।

उन्‍होंने यूपीए सरकार की उपलब्ध्यिां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश और देशभर में मनरेगा के जरिये लाखों लोगों को समुचित रोजगार मुहैया करवाया गया। उन्‍होंने भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज स्‍कूलों में टीचर और अस्‍पतालों में डॉक्‍टरों की कमी बनी हुई है। विभिन्‍न योजनाओं को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने हिमाचल को करोड़ों रुपये दिए लेकिन आज कहीं विकास नहीं दिख रहा है। हिमाचल में दस हजार करोड़ रुपये लैप्‍स हुए। राज्‍य सरकार ने इन पैसों को खर्च तक नहीं किया। जिससे प्रदेश की जनता लाभ से वंचित हो गई।

सोनिया ने यह भी कहा कि भ्रष्‍टाचार एक कैंसर है, जो व्‍यवस्‍था में फैल चुका है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि ये भ्रष्‍टाचार के खिलाफ नहीं हैं बलिक कांग्रेस के खिलाफ है। भ्रष्‍टाचार को लेकर ये लोग बेवजह हंगामा खड़ा कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्‍यक्ष ने सूचना का अधिकार को बड़ी उपलब्धि गिनाते हुए इसके कई फायदे गिनाए। उन्‍होंने विपक्ष पर आरोप जड़ते हुए कहा कि लोकपाल बिल विपक्ष ने पास नही होने दिया। एफडीआई का फायदा गिनाते हुए सोनिया ने कहा कि इससे सभी लोगों को फायदा होगा और लाखों लोगों को रोजगार मुहैया होगा।

सोनिया ने कहा कि भाजपा के लोगों ने हमेशा वादाखिलाफी की है। ऐसे में भाजपा को फिर से वोट देकर सत्‍ता में लाने के औचित्‍य पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र की योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है। मंडी में रैली को संबोधित करने के दौरान सोनिया ने कहा कि पिछले साल राज्य को केंद्र से मिली 10 हजार करोड़ रुपये की राशि बेकार चली गई, क्योंकि भाजपा सरकार ने राज्य में केंद्र की विभिन्न योजनाओं को लागू करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से किए गए वादों और उसके वास्तविक कार्यों के बीच फर्क है। साथ ही उन्होंने कहा कि ये लोग (भाजपा) भ्रष्टाचार हटाने की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, जबकि ये खुद इसमें आकंठ लिप्त हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई सिर्फ एक दिखावा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ उंगली उठाने से पहले उन्हें अपने अंदर झांक कर देखना चाहिए।

First Published: Monday, October 22, 2012, 13:45

comments powered by Disqus