Last Updated: Friday, October 14, 2011, 15:42
नई दिल्ली : टीम अन्ना के एक सदस्य न्यायमूर्ति संतोष हेगड़े ने पक्ष के एक और सदस्य अरविंद केजरीवाल द्वारा हिसार उपचुनाव में कांग्रेस विरोधी अभियान से असहमति जताते हुए कहा है कि यह सही नहीं था और ‘हमने अपनी सीमाओं का उल्लंघन किया है।’
लोकपाल विधेयक पर संयुक्त मसौदा समिति में टीम अन्ना के प्रतिनिधि रहे हेगड़े ने केजरीवाल की इस टिप्पणी से भी असहमति जताई कि अन्ना संसद से ऊपर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें तब होती हैं, जब कोई ‘बहुत ज्यादा’ बोलता है। खुद को गैर राजनीतिक व्यक्ति बताते हुए कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त ने कहा, ‘मेरा मानना है कि अन्ना आंदोलन को गैर राजनीतिक होना चाहिए। संसद में लोकपाल विधेयक पर बहस हो पाती, इसके पहले ही वे हिसार चले गए और कांग्रेस के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया। मुझे नहीं लगता कि यह सही था।’
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भ्रष्ट लोग ‘केवल कांग्रेस में ही नहीं हैं’, बल्कि दूसरी पार्टियों में भी हैं। क्या आप को हिसार वाला घटनाक्रम ठीक लगा, इसके जवाब में हेगड़े ने कहा, ‘अगर अन्ना और उनके पक्ष के दूसरे सदस्यों को लग रहा था कि उन्हें चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना ही चाहिए, तो उन्हें केवल लोगों से इतना कहना चाहिए था कि वे सर्वश्रेष्ठ प्रत्याशी का चुनाव करें। वह सबसे सही बात हो सकती थी।’
(एजेंसी)
First Published: Friday, October 14, 2011, 21:12