Last Updated: Sunday, July 7, 2013, 21:05
लखनऊ : लोकसभा चुनाव से पहले मोदीमय हो चुकी भाजपा अब हर वक्त गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के गुणगान करने में जुटी है। वहीं हेमा मालिनी और उमा भारती ने कहा कि पार्टी चाहेगी तो वे यहां की किसी भी संसदीय सीट से चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कई चर्चित चेहरे उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने तक को तैयार हैं। भाजपा की स्टार प्रचारक और पूर्व सांसद हेमा मालिनी ने वृंदावन आने पर मीडिया से बातचीत में नरेंद्र मोदी को पूरे देश का सर्वमान्य नेता बताया।
हेमा ने कहा कि मोदी की कार्यप्रणाली सबसे अलग है और लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर इशरत जहां मुठभेड़ मामले में साजिश कर मोदी को बदनाम करने का आरोप लगाया। वहीं उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी चाहेगी तो वह यहां की किसी भी संसदीय सीट से चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
वृंदावन पहुंची भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती ने 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाओं, फिरोजाबाद सीट से चुनाव लड़ने और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने जैसे सवालों पर पहले तो वह कुछ देर मौन रहीं, फिर कहा कि वह हर जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं।
उमा के फिरोजाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में उमा ने पार्टी की हर जिम्मेदारी को निभाने की बात कहकर इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है। वहीं उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही के कारण लोगों को सही समय पर सहायता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड त्रासदी में सरकार से अधिक काम सेना ने किया। सेना नहीं होती तो पहाड़ों से लोगों को निकालना मुश्किल होता। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 7, 2013, 21:05