होली पर रंगों में सराबोर हुआ पूरा देश - Zee News हिंदी

होली पर रंगों में सराबोर हुआ पूरा देश

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : देशभर में गुरुवार को होली का सुरूर लोगों के सिर चढ़कर बोला। चारों तरफ रंगों और गुलाल में भींगे सभी एक दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं देते नजर आए। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के सभी हिस्सों में एकता और सौहार्द का संदेश देने वाला इस पर्व का रंगों भरा उल्लास देखने को मिला।

 

किसी के लिए यह रंगों का त्योहार है तो किसी के लिए पकवानों का। होली को मनाने के अंदाज भले ही अलग हों पर उमंग एक समान देखने को मिलता है और यही वजह है कि आज पूरा देश होली के रंग में डूबा नजर आ रहा है। सड़क पर रंग-गुलाल से सराबोर कपड़े पहनकर निकले लोगों और होली के गीतों ने वाकई होली का अहसास कराया।

 

चुनावी राज्यों में उत्तर प्रदेश और पंजाब के लिए इस बार की होली कुछ अलग ही खुशी लेकर आया है। यूपी के सैफई गांव में जहां मुलायम सिंह यादव अपने समर्थकों से मिलने पहुंचे और खुद को प्रधानमंत्री बनाने की बात जनता से कही, वहीं पंजाब में प्रकाश सिंह बादल सूबे में पाचवीं बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। राजधानी लखनऊ में हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर एक साथ 'होली बारात' निकालकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

 

पुलिस सुरक्षा बन्दोबस्त को लेकर चौकन्ना रही और पूरे शहर पर निगरानी रखती रही। बॉलीवुड कलाकार, हस्तियां, कारोबारियों और राजनेताओं ने भी होली का त्योहार धूम-धाम से मनाया। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने भी होली पर अपने प्रशंसकों को बधाई दी।

First Published: Thursday, March 8, 2012, 15:04

comments powered by Disqus