'2.5 करोड़ भारतीयों को जोड़ता है पीबीडी' - Zee News हिंदी

'2.5 करोड़ भारतीयों को जोड़ता है पीबीडी'

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) करीब 150 देशों में रह रहे 2.5 करोड़ से अधिक भारतीयों को आपस में जोड़ता है। उन्होंने कहा कि भारतीयों को दुनिया में सर्वाधिक प्रतिभावान लोगों में शुमार किया जाता है।

 

यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भी भारतीय युवाओं की प्रतिभा को पहचान चुके हैं। इसीलिए वह अमेरिकी युवाओं को कड़ी मेहनत के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में देश ने काफी आर्थिक प्रगति की है। गहलोत ने कहा कि संप्रग सरकार ने विकास पर जोर दिया है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आईटी, ढांचागत क्षेत्र विकास, विद्युत एवं कृषि जैसे मुख्य क्षेत्रों के विकास की ओर खास ध्यान दिया है। गहलोत ने प्रवासी भारतीय युवाओं के साथ रिश्ते को प्रगाढ़ बनाए जाने की वकालत की और उन्हें भारत आने के लिए प्रेरित करने के लिए 'नो योर राजस्थान' कार्यक्रम की घोषणा की।

(एजेंसी)

First Published: Monday, January 9, 2012, 13:50

comments powered by Disqus