2014 के बाद जन्म लेगा नया भारत : रामदेव

2014 के बाद जन्म लेगा नया भारत : रामदेव

2014 के बाद जन्म लेगा नया भारत : रामदेव सहारनपुर : योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में महासंग्राम होगा और पापियों का अंत होने के बाद एक नए भारत का जन्म होगा जिससे यहां की जनता खुशहाल और समृद्धि का जीवन जिएगी।

बाबा रामदेव आज देवबंद के देवीकुण्ड मैदान में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। बाबा रामदेव ने कहा कि भारत देश में 20 हजार लाख करोड़ की भूसम्पदा है और यदि इस राशि का सोना खरीद कर भारत की धरती पर बिछा दिया जाए तो हमारी धरती पर तीन इंच सोने की परत जम जाएगी। यदि हमारे देश में इतनी अधिक भूसम्पदा है तो भारत गरीब देश कैसे हो सकता है।

कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए बाबा रामदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है और अपने भ्रष्टाचार व घोटालों से देश को नीलाम ही नहीं किया बल्कि देश की नींव में मट्ठा डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 400 लाख करोड़ की राशि विदेशी बैंकों में जमा है। यह काला धन देश की अमानत है, इसे वापस लाया जाना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि यदि 100 चिह्नित कांग्रेसियों को पकड़कर उनसे वसूली की जाए तो उन्हीं से 100 लाख करोड़ की वसूली हो जाएगी। बाबा रामदेव न कहा कि आज हर गांव में 100 जवान, 100 किसान और 100 बेटियां व्यवस्था परिवर्तन के लिए खड़ी हो जाएं तो देश में खुशहाली स्थापित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव के बाद देश की जनता को 200 रुपए में सिलेंडर मिलेगा और 35 से 38 रुपए के बीच डीजल मिलेगा। देश से महंगाई पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 28, 2012, 18:51

comments powered by Disqus