Last Updated: Sunday, November 25, 2012, 19:24

मुंबई : मुंबई में 26/11 के आतंकवादी हमले की चौथी बरसी की पूर्वसंध्या पर शहर भर में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। 26/11 के हमले के बाद गिरफ्तार किये गये मोहम्मद अजमल कसाब को गत 21 नवंबर को पुणे की यरवदा जेल में फांसी दी गयी थी।
सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान तालिबान ने कहा है कि वे कसाब की फांसी का बदला लेने के लिए भारतीय ठिकानों पर हमला करेंगे जिसके बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के प्रवक्ता एहसानुल्लाह एहसान ने कहा था कि कसाब को फांसी पर लटकाये जाने का बदला संगठन भारत और अन्य जगहों पर हमलों के साथ लेगा।
पुलिस के मुताबिक शहर में भारी सुरक्षा व्यवस्था होगी। हवाईअड्डे, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र और अन्य स्थानों समेत कई जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हम शहर के प्रवेश और निकास बिंदुओं की भी जांच करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, November 25, 2012, 19:24