Last Updated: Sunday, July 1, 2012, 21:52

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज 39 साल के हो गये। आज उनका जन्मदिन था, मगर राजधानी में न कहीं बैनर पोस्टर लगे और न ही कहीं केक कटा। इस तरह अखिलेश ने सादगी से अपना जन्मदिन मनाया।
सत्तारढ़ समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज जन्मदिन था, मगर पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री मायावती की तरह कहीं कोई समारोह आयोजित नहीं किया गया, बल्कि उन्होंने अपना जन्मदिन सादगी से मनाते हुए लोगों की बधाइयां स्वीकार कीं तथा रोज की तरह मुख्यमंत्री आवास तथा पार्टी कार्यालय में लोगों से भेंट की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के चलते उनके जन्मदिन पर कहीं कोई समारोह आयोजित नहीं किया गया ,बावजूद इसके पार्टी कार्यालय तथा मुख्यमंत्री आवास पर उन्हें बधाई देने के लिये बड़ी संख्या में विधायक, मंत्री, सांसद एवं उनके प्रशंसकों की आवाजाही बनी रही।
चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने रोज की तरह आम जनता की शिकायतें सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 1, 2012, 21:52