Last Updated: Friday, June 29, 2012, 23:08

नई दिल्ली: मानसून के आने में हो रही देरी के कारण उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में लोगों का सब्र सूख रखा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित लगभग पूरे उत्तरी हिस्से में लोग तपिश और उमस से जूझ रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में मानसून 4 जुलाई तक आ सकता है।
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्लीवासियों को इस तपिश से अभी कम से कम एक सप्ताह और जूझना पड़ेगा। शनिवार को आसमान साफ रहेगा और तापमान उच्च स्तर पर बना रहेगा।
दिल्ली में शनिवार को आसमान साफ रहेगा। दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 डिग्री और 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से आने वाली मानसूनी हवाओं के दिल्ली और उसके पड़ोसी क्षेत्रों में न पहुंचने के कारण कम से कम एक सप्ताह तक यही स्थिति बनी रहेगी।
अधिकारी ने बताया, "मानसूनी हवाएं उत्तर प्रदेश पहुंच गई है, लेकिन अभी उन्हें दिल्ली आने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा।"
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण, जो कि मानसून से सम्बंधित नहीं है, सप्ताहांत में शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने से राहत मिल सकती है।
शुक्रवार को दिल्ली में आद्र्रता का स्तर अधिकतम 46 और न्यूनतम 27 प्रतिशत तक पहुंच गया। जबकि एक दिन पहले न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर 31.6 डिग्री था।
गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 41.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
First Published: Friday, June 29, 2012, 23:08