5 दिसंबर से कर्नाटक विधानसभा का सत्र शुरू होगा

5 दिसंबर से कर्नाटक विधानसभा का सत्र शुरू होगा

बेलगाम: कर्नाटक विधानसभा के कार्यकाल पर खतरे की आशंका के बीच इसका शीतकालीन सत्र बुधवार से शुरू हो रहा है। दरसअल, यह आशंका राज्य पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा द्वारा नौ दिसम्बर को नई पार्टी गठित करने की घोषणा के मद्देनजर उठ रही है। बताया जाता है कि राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई विधायक और राज्य के मंत्री इसमें शामिल हा सकते हैं। कर्नाटक विधानमंडल के दोनों सदनों-विधानसभा और विधानपरिषद का शीतकालीन सत्र पांच दिसम्बर से शुरू हो रहा है, जो 12 दिसम्बर तक चलेगा।

भाजपा ने अपने सभी विधायकों को येदियुरप्पा की नौ दिसम्बर की रैली में भाग नहीं लेने की चेतावनी दी है। येदियुरप्पा बेंगलुरू से 400 किलोमीटर दूर हावेरी में अपनी अलग पार्टी कर्नाटक जनता पार्टी (केजीपी) की घोषणा करने वाले हैं।

मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. एस. ईश्वरप्पा ने भरोसा जताया है कि हावेरी में केजीपी के गठन की घोषणा के लिए येदियुरप्पा की रैली में भाजपा के केवल कुछ विधायक ही शामिल होंगे।

येदियुरप्पा ने हालांकि अपनी रैली में भाजपा के कई विधायकों एवं मंत्रियों के शामिल होने की बात कही है। रविवार को उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें समर्थन देने वाले भाजपा के सभी विधायक और राज्य सरकार के मंत्री हावेरी रैली में भाग लेंगे।

उनका दावा है कि शेट्टार के 34 सदस्यीय मंत्रिमंडल के कई मंत्री और राज्य विधानसभा के 119 भाजपा विधायकों में से 40 से अधिक का समर्थन उन्हें प्राप्त है। (एजेंसी)

First Published: Monday, December 3, 2012, 11:19

comments powered by Disqus