विहिप यात्रा: 50 कार्यकर्ता गिरफ्तार, सरयू के घाटों पर भी चौकसी:84-Kosi yatra

84 कोसी यात्रा: 50 कार्यकर्ता गिरफ्तार, सरयू के घाटों पर भी चौकसी

84 कोसी यात्रा: 50 कार्यकर्ता गिरफ्तार, सरयू के घाटों पर भी चौकसी अयोध्या/फैजाबाद : उत्तर प्रदेश के अयोध्या से विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की रविवार प्रस्तावित चौरासी कोसी परिक्रमा यात्रा से पहले फैजाबाद प्रशासन ने विहिप के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के साथ ही उसके 300 सदस्यों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किये।

दोनों नगरों में पुलिस की भारी तैनाती के बीच फैजाबाद के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नेतृत्व में एक दल ने विहिप के स्थानीय मुख्यालय कारसेवक पुरम, मणि राम छावनी, विहिप नेता और राम जन्म भूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मंदिर और अयोध्या के आसपास विहिप कार्यकर्ताओं के छुपने के करीब आधा दर्जन संदिग्ध स्थानों पर छापे मारे।

प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सरयू नदी के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रशासन को आशंका है कि विहिप कार्यकर्ता नदी मार्ग से शहर में प्रवेश कर सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए अयोध्या से लगते सरयू नदी के घाटों पर दो दिन नांव चलाने पर रोक लगा दी गई है।

अयोध्या में भी सुरक्षा के भारी-भरकम इंतेजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार ने साम्प्रदायिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका को लेकर विहिप की परिक्रमा यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। पहले विहिप के 70 प्रमुख नेताओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने वाले जिला प्रशासन ने अब 300 और नेताओं के खिलाफ वारंट जारी किये हैं।

फैजाबाद के जिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी ने कहा, ‘हम प्रमुख विहिप नेताओं की एहतियाती गिरफ्तारी कर रहे हैं जो कि प्रतिबंधित 84 कोसी परिक्रमा यात्रा के नाम पर कानून एवं व्यवस्था की समस्या उत्पन्न कर सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘पहले हमने विहिप के 70 नेताओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किये थे और अब 300 और नेता हमारे निशाने पर हैं। गिरफ्तार किये गए लोगों को अस्थायी जेलों में रखा जाएगा और उनके खिलाफ धारा 144 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

अशोक सिंघल, प्रवीण तोगड़िया और राम विलास वेदांती उन नेताओं में शामिल हैं जिन्हें कल वारंट जारी किये गए। फैजाबाद के एसएसपी के बी सिंह ने कहा कि 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

विहिप ने विवादित स्थल पर राम मंदिर के निर्माण के लिए आगे बढ़ाने के लिए 25 अगस्त से 13 सितम्बर तक चौरासी कोसी परिक्रमा करने का प्रस्ताव किया है। समाजवादी पार्टी सरकार ने यात्रा को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यात्रा छह जिलों से होकर निकलेगी जिसमें फैजाबाद, बस्ती, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और अंबेडकर नगर शामिल हैं।

जिला प्रशासन को उम्मीद है कि 84 कोसी परिक्रमा यात्रा में 40 हजार से 50 हजार विहिप कार्यकर्ता हिस्सा ले सकते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने विहिप कार्यकर्ताओं की गतिविधि के बारे में गुप्तचर सूचना मुहैया कराने के लिए पड़ोसी राज्यों से मदद मांगी है।

पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) आर के विश्वकर्मा ने कहा, ‘विहिप की 25 अगस्त को प्रस्तावित 84 कोसी परिक्रमा के मद्देनजर पड़ोसी राज्यों से गुप्तचर सूचना मुहैया कराने का अनुरोध किया गया है।’ (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 24, 2013, 16:48

comments powered by Disqus