PM की नाक के नीचे हो रही हैं रेप की घटनाएं : नटवर

PM की नाक के नीचे हो रही हैं रेप की घटनाएं : नटवर

PM की नाक के नीचे हो रही हैं रेप की घटनाएं : नटवरजयपुर : कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी के पूर्व वरिष्ठ नेता नटवर सिंह ने आज आरोप लगाया कि संप्रग सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम रही है और ‘प्रधानमंत्री की नाक के नीचे’ बलात्कार जैसी शर्मसार करने वाली घटनाएं घट रहीं हैं।

नटवर ने संप्रग सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए यहां कहा, ‘पिछले नौ साल से देश कठिन समय का सामना कर रहा है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की नाक के नीचे बलात्कार हो रहे हैं और महिलाओं के लिए सुरक्षा का माहौल बनने में 18 साल और लग जाएंगे जब वे सुरक्षित महसूस करें।’ जयपुर में आयोजित एक समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और जाट समुदाय के कुछ प्रतिनिधियों के साथ मंच साझा करते हुए पूर्व विदेश मंत्री नटवर ने कहा कि लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाने चाहिए और उन्हें मार्शल आर्ट जैसी कलाओं में पारंगत किया जाना चाहिए।

तथाकथित तेल के बदले खाद्यान्न घोटाले के मद्देनजर कांग्रेस से अलग हुए नटवर ने भाजपा को अपने समर्थन की घोषणा की और उम्मीद जताते हुए कहा कि वसुंधरा राजे न केवल राज्य की अगली मुख्यमंत्री बनेंगी बल्कि वह प्रधानमंत्री के स्तर तक भी पहुंच सकती हैं। समारोह में उपस्थित बागी कांग्रेसी नेता हरि सिंह ने कहा कि वह और उनके समर्थक आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा का साथ देंगे। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 21, 2013, 19:23

comments powered by Disqus