Last Updated: Monday, February 11, 2013, 14:01
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के दो कैबिनेट मंत्रियों, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को आज ही इलाहाबाद जाकर दुर्घटना में घायल हुए लोगों के उपचार और वहां चल रहे राहत एवं अन्य आवश्यक कार्यो का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को परिवहन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और पंचायतीराज मंत्री बलराम यादव के साथ मुख्य सचिव जावेद उस्मानी और पुलिस महानिदेशक ए़ सी़ शर्मा को मौके पर जाकर जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में रविवार को 36 लोगों की मौत हो गई। हादसे के शिकार लोग महाकुंभ में मौनी अमवस्या का शाही स्नान करके अपने घर लौट रहे थे।
अखिलेश ने मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने राजस्व परिषद के अध्यक्ष जगन मैथ्यूज को दुर्घटना की जांच करने के आदेश दिए हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 11, 2013, 14:01