Last Updated: Wednesday, March 21, 2012, 11:18
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को अपने मंत्रियों के विभागों में संक्षिप्त फेरबदल किया। नए फेरबदल के बाद अब उनके (मुख्यमंत्री) पास कुल 61 विभाग हो गए हैं। सरकार की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक विभागों में फेरबदल के बाद अब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास विभागों की संख्या 50 से बढ़कर 61 हो गई है।
उनसे पास गए नए विभागों में कृषि विपणन, कृषि निर्यात, कृषि विदेश व्यापार, आयुष, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, अवस्थापना, समन्वय, सार्वजनिक उद्यम, राजनीतिक पेंशन और भाषा शामिल हैं। वरिष्ठ मंत्री आजम खान को पूर्व के विभागों के साथ ही शहरी समग्र विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अब उनके पास विभागों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
अंबिका चौधरी को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ लोक सेवा प्रबंधन का अतिरिक्त कार्यभार, तथा स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री भगवत शरण गंगवार को उनके निर्यात प्रोत्साहन का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। राज्यमंत्री चितरंजन स्वरूप और विनोद सिंह को उनके कैबिनेट मंत्रियों आजम खान और अम्बिका चौधरी के साथ सम्बद्ध कर दिया गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार की तरफ से कैबिनेट सचिव का पद समाप्त करने का फैसला किया गया है। राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद प्रदेश में अब मुख्य सचिव ही नौकरशाही के मुखिया होंगे। पिछली मायावती सरकार में कैबिनेट सचिव का पद सृजित कर इस पर शशांक शेखर सिंह की नियुक्त की गई थी।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, March 21, 2012, 17:50