Last Updated: Thursday, February 7, 2013, 12:06

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार का गुरुवार को मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। मंत्रिमंडल में 11 नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम दोपाहर 12 बजे के बाद राजभवन में होगा। मंत्री बनने वालों में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के गढ़ रायबरेली और अमेठी से भी एक-एक विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है।
सपा की ओर से फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, 11 नए चेहरे जो मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं, उसमें चार को कैबिनेट और सात को राज्यमंत्री बनाया जा सकता है। अखिलेश यादव सरकार में इस वक्त 46 मंत्री हैं। वह अपने मंत्रिमंडल में 60 मंत्री रख सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि हाल के दिनों में विवाद में आए कुछ मंत्रियों को हटाने की सम्भावना बहुत कम है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 7, 2013, 12:06