Last Updated: Saturday, March 10, 2012, 03:15
ज़ी न्यूज ब्यूरो लखनऊ: समाजवादी पार्टी विधायक दल ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानसभा चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के नायक रहे 38 वर्षीय अखिलेश यादव को अपना नया नेता चुनकर राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में उनके नाम पर मोहर लगा दी। इसी के साथ प्रदेश में अगले मुख्यमंत्री को लेकर पिता पुत्र के नामों के बीच चल रहा अटकलों का दौर खत्म हो गया। अखिलेश 15 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
हालांकि अखिलेश के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा पार्टी को विधानसभा चुनाव में बहुमत से मिली जीत के साथ ही शुरु हो गयी थी, शनिवार को पार्टी मुख्यालय में पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव की उपस्थिति में हुई विधायक दल की बैठक में इस पर मोहर लगा दी गई।
पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खांने युवा अखिलेश यादव के नाम का प्रस्ताव किया और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव ने इसका अनुमोदन किया, जिसके बाद बैठक में उपस्थित सभी विधायको ने मेजें थपथपा कर उन्हें सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया।
बहरहाल, विधायको को संबोधित करने के बाद खान ने अखिलेश की राजनीतिक क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए पार्टी विधानदल के नेता और प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के रुप में उनके नाम का प्रस्ताव किया , जिसका पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने समर्थन किया और उसी के साथ बैठक में उपस्थित सभी विधायको ने सर्वसम्मति से प्रदेश का सबसे युवा मुख्यमंत्री बनाने के लिए अखिलेश यादव को चुन लिया।
पार्टी विधान दल का नेता चुने जाने के बाद अखिलेश ने पिता और पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव के पांव छुए और उनका आशीर्वाद लिया। इस बीच, सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने पत्रकारों को बताया कि 15 मार्च को अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
अखिलेश यादव यूपी के सबसे युवा सीएम बनेंगे क्योंकि राज्य के मुख्यमंत्री पद की बागडोर संभालने का मौका उन्हें सिर्फ 38 साल की उम्र में मिल रहा है। जबकि मायावती 39 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बनीं थीं।
First Published: Saturday, March 10, 2012, 14:27