अजय कटारा दो मामलों में बरी - Zee News हिंदी

अजय कटारा दो मामलों में बरी

 

गाजियाबाद : नीतीश कटारा हत्याकांड के अहम गवाह रहे अजय कटारा को अदालत ने दो मामलों में बरी कर दिया है। दोनों ही मामलों में वादी ने पुलिस की अंतिम जांच आख्या पर भरोसा जताया जिसके आधार पर अदालत ने यह फैसला सुनाया।

 

अजय कटारा के वकील खालिद खान ने बताया कि अंजुला यादव ने दो अक्तूबर 2008 को अपने पति धमेंद्र यादव के अपहरण के मामले में अजय कटारा और उसके दो अंगरक्षकों के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जबकि कविनगर थाने में विवेक भटनागर ने अजय कटारा के खिलाफ चौथ वसूली का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों मामलों की सुनवाई सीजीएम गाजियाबाद अदालत में चल रही थी।

 

दोनों मामलों में पुलिस ने अंतिम जांच आख्या सौंपते हुए अजय कटारा को निर्दोष बताया। अंतिम जांच आख्या को दोनों ही वादियों ने मान लिया। अंजुला यादव ने अदालत में अजय कटारा के खिलाफ गवाही देने से इनकार कर दिया। विवेक भटनागर ने अदालत में शपथ पत्र देकर कहा कि वह पुलिस की जांच से संतुष्ट हैं और अजय के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। खालिद खान ने बताया कि दोनों ही मामलों में वादियों के मुकरने के बाद अदालत ने अजय कटारा एवं दो अन्य आरोपियों को बरी कर दिया।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, February 7, 2012, 20:30

comments powered by Disqus