अटल शंखनाद रैली कल, कल्याण की पार्टी का भाजपा में होगा विलय

अटल शंखनाद रैली आज, कल्याण की पार्टी का भाजपा में होगा विलय

अटल शंखनाद रैली आज, कल्याण की पार्टी का भाजपा में होगा विलयलखनऊ : भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव से पहले सपा, बसपा और कांग्रेस के विरुद्ध राष्ट्रवादी ताकतों के एकत्रीकरण का फैसला किया है और इस क्रम में सोमवार को राजधानी में हो रही ‘अटल शंखनाद रैली’ में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्टी जनक्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) का भाजपा में विलय हो जाएगा।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने सोमवार को होने वाली ‘अटल शंखनाद रैली’ को लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का आगाज बताते हुए आज यहां संवाददाताओं से कहा, ‘लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी ने सपा, बसपा और कांग्रेस के विरुद्ध राष्ट्रवादी ताकतों के एकत्रीकरण का फैसला किया है और इसके पहले चरण में कल जनक्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) का भाजपा में विलय होने जा रहा है।’ उन्होंने कहा कि बसपा के कुशासन से त्रस्त जनता ने समाजवादी पार्टी को सरकार बनाने का मौका दिया। मगर उसके राज में जनता दुराचार, अनाचार, अत्याचार और अपराध से भयग्रस्त हो गयी है।

यह बताते हुए कि अटल शंखनाद रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय एवं प्रदेश के नेतागण संबोधित करेंगे, बाजपेयी ने रैली के जरिए पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ता शक्ति को नमन करके वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। बाजपेयी ने बताया कि इसी मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गडकरी पार्टी की टोल-फ्री हेल्पलाइन सेवा 18001022024 की भी शुरुआत करेंगे, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अथवा कार्यकर्ता पार्टी से संबंधित सुझाव दर्ज करा सकेगा।

राहुल गांधी को कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘कांग्रेस किसे क्या बनाती है यह उसका निजी मामला है। मगर जिस तरह से पूरी कांग्रेस राहुल का गुणगान करने में लगी है उससे यह बात साबित होती है कि कांग्रेस में गांधी परिवार के अलावा किसी और को आगे बढ़कर नेतृत्व करने का न तो अधिकार है और न ही योग्यता।’ इस अवसर पर बाजपेयी ने आईबी के पुलिस उपाधीक्षक पद से इस्तीफा दे चुके संजय सिंह को उनके साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता प्रदान की। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 20, 2013, 21:11

comments powered by Disqus