Last Updated: Wednesday, November 21, 2012, 15:59

अहमदाबाद: आतंकवादी अजमल कसाब को फांसी चढ़ाये जाने के कुछ ही देर बाद गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 2001 के आतंकवादी हमले में दोषी ठहराये गये अफजल गुरु के भाग्य के बारे में सवाल उठाये।
मोदी ने ट्विट किया कि अफजल गुरु के बारे में क्या, जिसने संसद, हमारे लोकतंत्र के मंदिर पर 2001 में हमला किया। वह अपराध कसाब के घृणित अपराध से कई सालों पहले हुआ था।
मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले में बचे एक मात्र हमलावर कसाब को बुधवार सुबह साढ़े सात बजे पुणे के यरवदा जेल में फांसी दे दी गयी। गुरु की दया याचिका राष्ट्रपति के पास लंबित है। उसे काफी पहले 2004 में ही मौत की सजा सुना दी गयी थी।
गृह मंत्रालय ने अगस्त 2011 में ही तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को यह सिफारिश भेजी थी कि उसे जल्द फांसी पर चढ़ा दिया जाये। अफजल सात साल से तिहाड़ जेल में बंद है। उसकी फांसी का मामला सालों से लटक रहा है और अब राजनीतिक विवाद का मुद्दा बन गया है।
अफजल को दिसंबर 2001 में संसद पर हुए हमले की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया था। उसे सुनायी गयी मौत की सजा को 2004 में उच्चतम न्यायालय ने सही ठहराया था। इस सजा को 20 अक्तूबर 2006 को अंजाम दिया जाना था। बहरहाल अफजल की फांसी तब स्थगित कर दी गयी जब उसकी पत्नी ने उसकी ओर से दया याचिका दाखिल की। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, November 21, 2012, 15:59