अब बलिया के अस्पताल में सफाईकर्मी डॉक्टर!

अब बलिया के अस्पताल में सफाईकर्मी डॉक्टर!

लखनऊ: लगभग 48 घंटे के अंदर उत्तर प्रदेश में दूसरी तस्वीर सामने आई कि किस तरह सरकारी अस्पतालों में भगवान भरोसे मरीजों का इलाज हो रहा है। बुलंदशहर के बाद उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सरकारी अस्पताल में एक सफाईकर्मी आपातकालीन वार्ड में मरीजों का इलाज करते पाया गया।

एक निजी समाचार चैनल द्वारा दिखाए गए फुटेज में सरकारी अस्पताल की दर्दनाक हकीकत सामने आई कि कैसे डॉक्टरों की जगह सफाईकर्मी और फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज कर रहे हैं।

चैनल ने फुटेज में दिखाया कि बलिया जिला अस्पताल में सफाईकर्मी राजकुमार आपातकालीन वार्ड में एक मरीज को टांके लगा रहा था जबकि एक फार्मासिस्ट सुई लगा रहा था।

सफाईकर्मी राजकुमार ने समाचार चैनल के कैमरे पर कबूला कि मरीजों की भीड़ बढ़ने पर या जब डॉक्टर नहीं होते तो वे टांके और सुई लगाते हैं और ये सब वे अस्पताल के डॉक्टरों के कहने पर करते हैं।

इस बारे में पूछे जाने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पीके सिंह ने कहा कि अगर सफाईकर्मी मरीजों को सुई और टांके लगा रहे हैं तो ये गलत है। उनका काम डॉक्टरों को सहयोग देना है।

48 घंटे पहले बुलंदशहर के जिला अस्पताल में सफाईकर्मी मरीजों का इलाज करते पाए गए। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने जांच के आदेश दे दिए गए हैं। बलिया मामले में हालांकि अभी तक स्वास्थ्य मंत्री या सरकार की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, July 11, 2012, 20:47

comments powered by Disqus