Last Updated: Saturday, September 29, 2012, 18:29

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी आठ दिवसीय विदेश यात्रा पर आज देर रात मुंबई होते हुए न्यूयार्क रवाना होंगे। चौहान भोपाल से शाम 4.30 बजे मुंबई तथा वहां से रात 1.30 बजे न्यूयार्क जाएंगे।
संयुक्त राज्य अमेरिका की इस यात्रा में चौहान विश्व बैंक द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के विकास और निवेश की संभावनाओं पर दक्षिण एशिया देशों के विशेषज्ञों से भेंट तथा उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों से चर्चा करेंगे। वे मध्यप्रदेश में कृषि, उद्योग, अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास के साथ विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यो पर प्रकाश डालेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चौहान मुंबई से रवाना होकर करीब साढ़े अठारह घंटे की विमान यात्रा करते हुए 30 सितंबर की रात लगभग आठ बजे न्यूयार्क स्थित लिबर्टी इंटरनेशनल हवाईअड्डे पहुंचेंगे। न्यूयार्क से वे रात में ही रवाना होकर करीब 12 बजे वाशिंगटन पहुंचेंगे।
अगले दिन पहली अक्टूबर से मुख्यमंत्री चौहान अनेक व्यस्त कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। वे एक अक्टूबर को वाशिंगटन में विश्व बैंक द्वारा मुख्यमंत्री के सम्मान में आयेाजित स्वागत बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश विकास की परियेाजनाओं और आगामी रणनीति पर विश्व बैंक के दक्षिण एशियाई देशों के विशेषज्ञों के साथ बैठक करेंगे। जारी .
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता एवं पेयजल, ग्रामीण तथा नगरीय विकास, परिवहन आदि विषयों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री विश्व बैंक के कुछ अन्य प्रमुख अधिकारियों के साथ अलग-अलग चर्चा भी करेंगे। वे उसी शाम उनके सम्मान में भारतीय दूतावास द्वारा वाशिंगटन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में शरीक होंगे। चौहान दो अक्टूबर को स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय के हूवर संस्थान में मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण तथा मध्यप्रदेश में महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास के कार्यो में सीधी पहुंच विषय पर प्रस्तुतीकरण देंगे। इसी दिन चौहान आईएफसी के प्रतिनिधियों के साथ मध्यप्रदेश के अधोसंरचना विकास, अक्षत उर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय अधोसंरचना में पब्लिक-प्रायवेट पार्टनरशिप के क्षेत्र में विशेषज्ञ परामर्श और वित्तीय सहयोग के मुद्दों पर विश्व बैंक तथा आईएफसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
इसी दिन शाम को मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर यूएसआईबीसी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के साथ खुली चर्चा तथा प्रश्नोत्तर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है। यूएस के विश्वविद्यालयों के विभागाध्यक्षों के साथ भी बैठक करेंगे।
संयुक्त राज्य अमेरिका में बसे भारतीयों तथा भारतीय पत्रकारों से भेंट का कार्यक्रम तीन अक्टूबर को है। इस दिन स्थानीय स्तर पर निर्धारित अन्य कार्यक्रमों में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे। मुख्यमंत्री चौहान वाशिंगटन से चार अक्टूबर को दोपहर एक बजे रवाना होकर ड्रेट्राइट मेट्रो पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री के सम्मान में मिशिगन के लेफ्टीनेंट गवर्नर द्वारा रात्रि भोजन आयोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री का पांच अक्टूबर को रोंस बिजनेस स्कूल में आयेाजित कार्यक्रम में उद्बोधन होगा। वे मिशिगन विश्वविद्यालय भी जाएंगे तथा मिशिगन के प्रमुख उद्योगपतियों से विचार-विमर्श करेंगे।
मुख्यमंत्री छह अक्टूबर को शिकागो जाएंगे। विवेकानंद मेमोरियल के दर्शन करेंगे। यहां वे भारतीय समुदाय से भी भेंट करेंगे। इस यात्रा के अंतिम पड़ाव में मुख्यमंत्री चौहान सात अक्टूबर को दोपहर 1.30 बजे शिकागो स्थित ओ-हरे अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से रवाना होकर अगले दिन दोपहर लगभग तीन बजे आठ अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगे। (एजेंसी)
First Published: Saturday, September 29, 2012, 15:13