अवैध निर्माण तोड़े जाने के खिलाफ ठाणे में बंद, तोड़फोड़

अवैध निर्माण तोड़े जाने के खिलाफ ठाणे में बंद, तोड़फोड़

ठाणे : ठाणे में वैकल्पिक व्यवस्था मुहैया कराए बिना अवैध निर्माण तोड़े जाने के विरोध में बड़े राजनीतिक दलों के आह्वान पर आज बंद आयोजित किया गया है। पुलिस ने बताया कि बंद की शुरूआत में कुछ लोगों ने कम से कम 12 बसों में तोड़फोड़ की। कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना ने ठाणे नगर निगम द्वारा अवैध निर्माण गिराए जाने के विरोध में आज दिन भर के बंद का आह्वान किया है। इन दलों की मांग है कि अवैध निर्माण गिराने के कारण विस्थापित होने वालों को वैकल्पिक आवास मुहैया कराए जाने चाहिए।

पुलिस ने बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों में अज्ञात व्यक्तियों ने बसों पर पथराव किया। क्षतिग्रस्त हुई 12 बसों में से कम से कम आठ बसें ठाणे म्यूनिसिपल ट्रान्सपोर्ट (टीएमटी) की हैं और शेष राज्य सरकार की बसें हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और भाजपा को छोड़ कर अन्य राजनीतिक दल बंद में शामिल हैं। आज सरकारी बसें और आटो नहीं चले जिससे लोगों को, खास कर सुबह ऑफिस जाने वालों को दिक्कत हुई। दुकानें और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान भी बंद हैं।

पिछले दिनों ठाणे जिले के मुंब्रा उपनगर में एक अवैध इमारत ध्वस्त होने से 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे। इसके बाद ठाणे नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया है। लोगों की मांग है कि जिन लोगों के अवैध निर्माण गिराए जा रहे हैं, उन्हें वैकल्पिक आवास की सुविधा मुहैया कराई जाए और अवैध ढांचों को नियमित भी किया जाए।

मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने हालांकि अवैध निर्माण गिराए जाने पर रोक लगाने से मना कर दिया है। उन्होंने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जाहिर की है। चव्हाण ने कल विधानसभा में कहा ‘ध्वस्त होने के खतरे को देखते हुए ठाणे में अत्यंत खतरनाक 57 इमारतों को गिराने के लिए अभियान जारी है। कम से कम 1,094 इमारतें खतरनाक हैं।’ (एजेंसी)

First Published: Thursday, April 18, 2013, 12:16

comments powered by Disqus