Last Updated: Sunday, March 31, 2013, 19:51
नई दिल्ली : कांग्रेस ने आज राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले युवा दलित नेता अशोक चौधरी को बिहार प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। बिहार प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी शिकस्त के बाद इस पद से महबूब अली कैसर के इस्तीफा देने के ढाई वर्ष बाद हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष जनार्दन द्विवेदी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अशोक चौधरी को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 43 वर्षीय चौधरी बिहार में साल 2000-2005 के दौरान राजद-कांग्रेस गठबंधन सरकार में गृह मंत्री थे। वह ‘महादलित’ हैं। महादलित दलितों का एक उपसमूह है जिसे बिहार में सत्तारुढ़ जद (यू) लुभाने की कोशिश कर रही है।
कैसर ने बिहार में साल 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद इस्तीफा दे दिया था। साल 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र चार सीटें मिली थीं जबकि 2005 में उसे नौ सीटें मिली थीं। पद से इस्तीफा देने के बावजूद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किए जाने तक पद पर बने रहने को कहा था। इसके बाद से पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें जारी थीं।
चौधरी बरबीघा से विधायक हैं। इस सीट का कभी उनके पिता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महावीर चौधरी ने प्रतिनिधित्व किया था। महावीर चौधरी नौ बार विधायक रहे थे और कांग्रेस जब राज्य में सत्ता में थी तो वह कई बार राज्य सरकार में मंत्री रहे। चौधरी की नियुक्ति इस बात का स्पष्ट संकेत है कि राहुल गांधी बिहार में दीर्घकालिक समाधान चाहते हैं। मंडल और मंदिर की राजनीति के बाद राज्य में पार्टी पूरी तरह हाशिए पर है। यद्यपि कैसर ने पीसीसी अध्यक्ष का पद 2010 के विधानसभा चुनावों के बाद ही छोड़ दिया था लेकिन पार्टी को उनका उत्तराधिकारी ढूंढने में काफी मुश्किल आ रही थी क्योंकि इस पद को पाने के लिए कई दावेदार लामबंदी कर रहे थे।
इस पद की दौड़ में जो कुछ नेता थे उसमें कांग्रेस कार्य समिति सदस्य शकील अहमद, पूर्व कांग्रेस विधायक दल के नेता अशोक राम, पूर्व पीसीसी प्रमुख अनिल शर्मा और रामजतन सिन्हा शामिल थे। इनके अलावा पूर्व युवक कांग्रेस और एनएसयूआई अध्यक्ष प्रेम चंद मिश्रा के नाम की भी चर्चा थी। पूर्व पीसीसी प्रमुखों में से एक सदानंद सिंह को कुछ समय पहले राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया था। जहां सदानंद सिंह ओबीसी कुर्मी जाति से हैं वहीं नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पासी समुदाय के हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कुर्मी जाति से हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 31, 2013, 19:51