Last Updated: Monday, July 2, 2012, 16:45
गुवाहाटी : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को भयंकर बाढ़ से जूझ रहे असम के लिए 500 करोड़ रूपये के पैकेज की घोषणा की। बाढ़ के कारण असम में अब तक 77 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब पांच लाख लोग बेघर हुए हैं।
सिंह और संप्रग अध्यक्षा सोनिया गांधी ने बाढ़ प्रभावित जोरहाट, धेमाजी और दक्षिण दिनाजपुर का हवाई सर्वेक्षण किया और राज्य के कई भागों में हुई जानमाल की बड़ी हानि के गवाह बने। उन्होंने बाढ़ से मरने वाले 77 लोगों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने की भी घोषणा की। असम से राज्यसभा सदस्य सिंह ने घोषणा की कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को बचाना और उन्हें राहत उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के 640 सैनिकों और 71 नावों वाली 16 टीमों को बचाव एवं राहत कार्य में लगाया गया है। इसके अलावा, सेना के 752 जवान भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। सिंह ने कहा कि चार हजार लोगों को बचाया गया है और वायु सेना द्वारा हवाई मार्ग से 20 टन राहत सामग्री बांटी गई है।
उन्होंने कहा कि 4.84 लाख लोगों को राज्यभर में बनाये गये 768 राहत शिविरों में आश्रय दिया गया है। सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के पास खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण है और अगर जरूरत पड़ी तो केन्द्र जल्द ही अतिरिक्त आपूर्ति करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त रेल लाइनों को फिर से ठीक करने के लिए रेल मंत्रालय द्वारा तुरंत कदम उठाये जाएंगे। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 2, 2012, 16:45