असम: मनमोहन, सोनिया ने किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा

असम: मनमोहन, सोनिया ने किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा


जोरहाट (असम) : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के साथ राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि तीनों नेताओं ने हेलीकॉप्टर से माजुली द्वीप, जोरहाट, शिवसागर, लखीमपुर और धेमाजी जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया।

ये जिले बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित हैं। उनके द्वारा काजीरंगा नेशनल पार्क का सर्वेक्षण किए जाने की भी उम्मीद है। यह बाढ़ में पूरी तरह जलमग्न हो गया है। इससे पहले मनमोहन और सोनिया नयी दिल्ली से विशेष उड़ान के जरिए पूर्वाह्न करीब 11 बजे जोरहाट के रोवरियाह हवाई अड्डे पहुंचे। आज बाद में दोनों नेता गुवाहाटी पहुचेंगे और मंत्रियों तथा अधिकारियों के साथ ताजा स्थिति पर चर्चा करेंगे।

मनमोहन और सोनिया का आज दोपहर बाद गुवाहाटी से नयी दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। असम में बाढ़ से अब तक 61 लोगों की मौत हुई है और अन्य 16 की जान भूस्खलन की घटनाओं में चली गई है। बाढ़ से राज्य के सभी 27 जिले प्रभावित हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 2, 2012, 13:43

comments powered by Disqus