असम में छिटपुट हिंसा, मृतकों की संख्या 45 हुई

असम में छिटपुट हिंसा, मृतकों की संख्या 45 हुई

असम में छिटपुट हिंसा, मृतकों की संख्या 45 हुई कोकराझार (असम): निचले असम के जिलों में एक शव मिलने के बाद यहां हिंसा में मरने वालों की संख्या 45 हो गई जबकि सेना ने अशांत कोकराझार में फ्लैगमार्च किया और कुछ प्रभावित जिलों में कर्फ्यू में ढील दी गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि धुबरी जिले की गौरांग नदी में एक शव तैरता मिला। हिंसा के आठवें दिन भी 11 लोग लापता बताए जाते हैं। बक्सा जिले में अल्पसंख्यक प्रवासियों तथा बोडो समुदाय के बीच कल झड़प की खबरें थीं। यहां के देवधर गांव के सिमला में आज अज्ञात व्यक्तियों ने तीन मकानों में आग लगा दी। लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

दंगा प्रभावित तीन जिलों कोकराझार, चिरांग और धुबरी में हमले की छिटपुट घटनाएं हुईं और दो समुदायों के बीच टकराव भी हुआ। सूत्रों ने बताया कि कोकराझार जिले में सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कफ्र्यू में ढील दी गई है। धुबरी जिले में कर्फ्यू में सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक ढील दी गई है। चिरांग में रात्रिकालीन कर्फ्यू जारी रहेगा।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कोकराझार जिले की स्थिति का जायजा लेने कल आएंगे। इस जिले में हताहतों की संख्या सर्वाधिक है।

दो दिन तक बाधित रहने के बाद बहाल रेल सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। सूत्रों ने बताया कि करीब दो लाख लोग 250 राहत शिविरों में रह रहे हैं। असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमांता बिस्वा सरमा ने बताया कि कोकराझार, बोंगईगांव, चिरांग, बक्सा और धुबरी में कल चिकित्सा दल भेजे गए थे। इनके अलावा 55 अतिरिक्त डॉक्टरों को भी भेजा गया है।
गुवाहाटी मेडिकल कालेज के डॉक्टरों का एक दल कोकराझार में ही है। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 27, 2012, 15:00

comments powered by Disqus