असम में स्थिति शांत, ईद पर सुरक्षा बढ़ाई गई

असम में स्थिति शांत, ईद पर सुरक्षा बढ़ाई गई


गुवाहाटी : असम में कहीं से भी हिंसा की कोई नई खबर नहीं है और ईद के मौके पर सोमवार को यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। असम के पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) एलआर बिश्नोई ने कहा कि हिंसा की नई घटनाएं नहीं हुई हैं। हम सभी जिलों से संपर्क बनाए हुए हैं और ईद की नमाज शांतिपूर्वक हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल सभी जिलों में तैनात किए गए हैं और नियमित खबरें मिल रही हैं।

कोकराझार, चिरांग और धुबरी जिलों से ईद मनाए जाने की खबरें हैं। इन जिलों में हाल ही में हिंसा हुई थी। गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने राज्य में शांति और सद्भाव का आह्वान किया है।

गोगोई ने यहां मैकखोवा ईदगाह में लोगों को अपने संबोधन में कहा कि उम्मीद है कि आज ईद का दिन राज्य में शांति और सद्भाव लाएगा। हमें शांति तथा समृद्धि के लिए मिलजुल कर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को राहत देना और उनका पुनर्वास करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिंसा की ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन एक कार्ययोजना तैयार करेगा।

इसी बीच, बेंगलूर से करीब 2,000 यात्रियों को लेकर दो और ट्रेनें आज सुबह गुवाहाटी पहुंच गईं। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 20, 2012, 14:46

comments powered by Disqus