अस्थाई पुल ध्वस्त, नदी में गिरे कांग्रेस विधायक

अस्थाई पुल ध्वस्त, नदी में गिरे कांग्रेस विधायक

किशनगंज : बिहार के किशनगंज जिले में बहादुरगंज क्षेत्र से कांग्रेस विधायक मोहम्मद तौसीफ आलम क्षेत्र में एक स्कूल का शिलान्यास करने के लिए जाने के दौरान चचरी के पुल (बांस बल्ली और लकडी से बने अस्थाई पुल) के ध्वस्त होने से आज कटहलबाड़ी में नदी में गिरकर घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कटहलबाड़ी और चूरीमारी के बीच बने चचरी पुल के ध्वस्त होने के कारण विधायक आलम नदी में गिरकर घायल हो गये। उन्हें हाथ में चोट आयी है। उनके साथ के लोगों ने विधायक को बाहर निकाला। वह कटहलबाड़ी नदी को पार कर पैदल अपने सहयोगियों के साथ चूरीमारी जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इस घटना में विधायक के अंगरक्षक मोहम्मद कमील और जिला परिषद के एक स्थानीय सदस्य को भी चोट आयी है। विधायक और उनके अंगरक्षक को बहादुरगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आलम ने बताया कि वह सकुशल हैं और उन्हें हाथ में चोट आयी है। कांग्रेस विधायक चूरीमारी गांव में एक मध्य विद्यालय का शिलान्यास करने जा रहे थे। तौसीफ आलम बहादुरगंज से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। चचरी का पुल लोगों के नदी पार करने का प्रमुख जरिया होता है। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 22, 2012, 17:46

comments powered by Disqus