Last Updated: Saturday, December 10, 2011, 04:00
कोलकाता: एएमआरआई अग्निकांड में 6 आरोपियों को 10 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस मामले का एक आरोपी अस्पताल में भर्ती है।
कोलकाता में हुए भीषण अग्निकांड में मरने वालों की संख्या 90 तक जा पहुंची है, जिसमें से 89 शवों की शिनाख्त हो चुकी है। मरने वालों में 85 रोगी हैं, जबकि 4 अस्पताल कर्मी हैं।
यह भीषण हादसा दक्षिण कोलकाता के घनी आबादी वाले ढाकुरिया इलाके में स्थित एएमआरआई अस्पताल के बेसमेंट में संभवत: रखी ज्वलनशील सामग्री में आग लगने के बाद हुआ। आग को सबसे पहले स्थानीय निवासियों ने तड़के साढ़े तीन बजे देखा लेकिन अस्पताल के मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।
अस्पताल के बोर्ड के सात सदस्यों को गैर इरादन हत्या और लापरवाही बरतने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें जाने माने उद्योगपति एस के तोदी भी शामिल हैं।
कोलकाता पुलिस आयुक्त आरके पंचनंदा ने बताया कि हादसे में मरने वाले 89 लोगों में 85 रोगी थे जबकि चार अस्पताल के कर्मी हैं। चार शवों को उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।
अस्पताल का दौरा करने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मामले की जांच के आदेश दिये। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने के भी आदेश दिये।
उन्होंने कहा, ‘मेरी घोषणा के तहत दोषियों को पकड़ा जाएगा।’ उद्योगपति एसके तोदी और आर एस अग्रवाल के अलावा आरएस गोयनका, रवि गोयनका, मनीष गोयनका, प्रशांत गोयनका और दयानंद अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया गया है। यह लोग अस्पताल के बोर्ड में शामिल हैं। अस्पताल में इलाज करा रहे बोर्ड के अन्य सदस्य आर एस अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, December 10, 2011, 17:04