आंध्र मंत्रिमंडल में 3 मंत्री हुए शामिल - Zee News हिंदी

आंध्र मंत्रिमंडल में 3 मंत्री हुए शामिल


हैदराबाद : आंध्र प्रदेश में सोमवार को एक बार फिर मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। राज्यपाल ने तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। तीन सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राज्यपाल ई. एस.एल. नरसिम्हन ने सोमवार सुबह राजभवन में उत्तम कुमार रेड्डी, प्रसाद कुमार और कोंद्रू मुरली को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी, विधानसभा अध्यक्ष एन. मनोहर, विधान परिषद के सभापति ए. चक्रपाणि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोत्सा सत्यनारायण, कांग्रेस नेता के. चिरंजीवी एवं कई मंत्री, संसद सदस्य तथा अधिकारी शामिल हुए। शपथ ग्रहण करने वाले तीनों पहली बार मंत्री बनाए गए हैं। इनके विभागों की घोषणा बाद में की जाएगी। इन मंत्रियों के शामिल किए जाने के बाद राज्य मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है।

 

ज्ञात हो कि अलग तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर पिछले साल दो मंत्रियों के इस्तीफे और बीते माह पी. शंकर राव को सरकार से बाहर किए जाने के बाद रिक्त हुए स्थानों को भरने के लिए मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया है। उत्तम कुमार रेड्डी और प्रसाद कुमार तेलंगाना क्षेत्र से हैं, जबकि मुरली तटीय आंध्र क्षेत्र से हैं। इस समय वह सरकार के मुख्य सचेतक भी हैं। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने दो दिन पूर्व नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा अन्य केंद्रीय नेताओं से मुख्यमंत्री रेड्डी की बातचीत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार का निर्णय लिया।

 

इससे पहले 19 जनवरी को भी राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया था, जिसमें कांग्रेस में विलय कर चुकी प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) के टिकट पर जीत कर आने वाले दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।

(एजेंसी)

First Published: Monday, February 6, 2012, 21:32

comments powered by Disqus