आंध्र में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी - Zee News हिंदी

आंध्र में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी

हैदराबाद :  आंध्र प्रदेश में मानदेय बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे जूनियर डॉक्टरों द्वारा आपातकालीन सेवाओं के बहिष्कार के कारण रविवार को भी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था अस्त व्यस्त रही। रविवार को पांच और मरीजों की मौत हो गई लेकिन प्रशासन ने इन मौतों को सामान्य बताया।

 

शनिवार रात हड़ताली जूनियर डॉक्टरों एवं सरकार के मध्य वार्ता विफल होने से राज्य के 10 प्रमुख अस्पतालों में मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

 

सरकार ने कहा कि रविवार को हुई पांच मौतें सामान्य हैं और हड़ताल से इनका कोई सम्बंध नहीं है। कुर्नूल के अस्पताल में चार एवं वारंगल में एक मरीज की मौत हुई। शुक्रवार रात से अबतक कुल 44 मरीजों की मौत हो चुकी है।

 

राज्य में 10 मेडिकल कॉलेजों के लगभग 3000 जूनियर डॉक्टर मानदेय में 40 फीसदी की वृद्धि एवं गांवों में अनिवार्य नियुक्ति की अवधि तीन वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने की मांग को लेकर करीब एक महीने से हड़ताल पर हैं। हड़ताली जूनियर डॉक्टरों ने शुक्रवार शाम से आपात सेवाओं का भी बहिष्कार कर दिया।

 

मंत्रिमंडल की उप समिति ने शनिवार को हड़ताली जूनियर डॉक्टरों की संयुक्त कार्रवाई समिति के साथ वार्ता की लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला। सरकार हड़ताली डॉक्टरों से हड़ताल वापस लेने की अपील करते हुए उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। लेकिन जूनियर डॉक्टरों ने इस अपील को ठुकरा दिया।

 

चिकित्सा शिक्षा मंत्री कोंदरू मुरली ने हड़ताली डॉक्टरों की मांग को नाजायज बताया। उन्होंने कहा,  मैंने छात्रों को ऐसा बर्ताव करते नहीं देखा।

 

मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी ने रविवार को मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक बुलाकर आपात सेवाओं की वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 12, 2012, 14:43

comments powered by Disqus