आंध्र: सीएम किरण रेड्डी ने लिया बाढ़ का जायजा

आंध्र: सीएम किरण रेड्डी ने लिया बाढ़ का जायजा

आंध्र: सीएम किरण रेड्डी ने लिया बाढ़ का जायजाहैदराबाद : आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी ने अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ आज बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और उस दौरान उन्हें बताया गया कि पिछले तीन दिनों में राज्य में वर्षा जनित घटनाओं में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है।

उन्हें यह भी बताया गया कि नीलम चक्रवात की वजह से बाढ़ एवं बारिश से 5.25 लाख हेक्टयर जमीन में खड़ी कृषि और बागवानी फसलें भी नष्ट हो गयीं। विभिन्न जिलों में हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं और करीब 12 सौ मकान क्षतिग्रस्त हो गए। श्रीकाकुलम, विशाखापत्तनम, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी और कृष्णा जिलों पर सबसे बुरा असर पड़ा है क्योंकि नदियां और नहरें उफान पर हैं। बाढ़ की वजह से करीब 1000 किलोमीटर तक सड़क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया।

बैठक के बाद एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ये केवल प्राथमिक अनुमान हैं। जिलाधिकारियों को सटीक नुकसान के बारे में विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बचाव एवं राहत कार्य के लिए सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाने को कहा। मंत्रियों-एन रघुवीर रेड्डी, कन्ना लक्ष्मीनारायण, बोत्सा सत्यनारायण और अन्य ने समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया।

इसी बीच मुख्य विपक्षी दल तेलुगू देशम पार्टी ने मांग की कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल दौरा करें और राहत एवं पुनर्वास के लिए वित्तीय सहायता दें। तेदेपा प्रवक्ता ई पी रेड्डी ने कहा, ‘‘किसान बिल्कुल निराश हैं क्योंकि उनकी फसलें नष्ट हो गयी हैं। बड़े दुर्भाग्य की बात है कि राज्य और केंद्र सरकारें उनके दुखदर्द के प्रति बेपरवाह हैं। राज्य सरकार को फसल नुकसान पर चर्चा करने के लिए शीघ्र ही सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। ’’ तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने रेड्डी और अन्य मंत्रियों की आलोचना की और आरोप लगाया कि जब राज्य भारी बारिश से जूझ रहा है तब वे रैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली में डेरा जमाये हुए हैं।

विजयवाड़ा में नायडू ने यह भी मांग की कि केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के लिए एक टीम भेजे। वह कृष्णा, पश्चिमी गोदावरी और पूर्वी गोदावरी जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने जाते समय संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने यह भी मांग की कि प्रभावित किसानों को 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से क्षतिपूर्ति दी जाए और सरकार उन्हें मुफ्त बीज एवं उर्वरक दें। नियमों में ढ़ील देकर फसल एवं मवेशी बीमा का तत्काल निस्तारण किया जाए। वाई एस आर कांग्रेस की मानद अध्यक्ष वाई एस विजयम्मा भी आज और कल कृष्णा, पश्चिम गोदावरी एवं पूर्वी गोदावरी का दौरा कर रही हैं। इसी बीच दक्षिण मध्य रेलवे ने विजयवाड़ा-विशाखापत्तनम खंड पर बाढ़ की वजह से कई ट्रेनों का समय बदल दिया है और कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, November 5, 2012, 17:41

comments powered by Disqus