Last Updated: Saturday, July 20, 2013, 12:51

हैदराबाद : आंध्रप्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री कोटागिरी विद्याधार राव का आज दिल का दौरा पड़ने से उनके गृह जिले गोदावरी स्थित उनके आवास में निधन हो गया। उनके पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि 66 वर्षीय राव आगामी ग्राम पंचायत चुनावों के प्रचार के लिए एलुरू में अपनी कार में बैठने जा रहे थे कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
केंद्रीय मंत्री के. चिरंजीवी के प्रमुख सहायक राव ने अपना राजनीतिक करियर तेलुगू देसम पार्टी में शुरू किया था। वर्ष 1983 में वह चिंतालापुडी विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए। वह इस सीट से पांच बार विधायक चुने गए।
एन टी रामाराव और एन चंद्रबाबू नायडू के मंत्रिमंडल में शामिल रहे राव ने वर्ष 2008 में तेदेपा छोड़ दी और चिरंजीवी की प्रजा राज्यम पार्टी में शामिल हो गए। वर्ष 2004 और 2009 में वह विधानसभा चुनाव हार गए।
प्रजा राज्यम का कांग्रेस में विलय होने के बाद राव आंध्रप्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता नियुक्त किए गए। केंद्रीय मंत्री चिरंजीवी, राज्य के मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी, उप मुख्यमंत्री दामोदर राजनरसिम्हा, तेदेपा अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू सहित विभिन्न नेताओं ने राव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 20, 2013, 12:51