Last Updated: Tuesday, March 19, 2013, 22:32
नई दिल्ली : आगरा में ब्रिटेन की एक महिला पर हमले के कथित प्रयास का गंभीर संज्ञान लेते हुए पर्यटन मंत्री के. चिरंजीवी ने होटल आगरा महल का तीन सितारा दर्जा खत्म करने का आदेश दिया। इसी होटल में महिला के साथ वारदात हुई।
पर्यटन मंत्री ने होटल को कारण बताओ नोटिस जारी किया और पूछा कि क्यों न इसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाए।
ब्रिटेन की महिला के साथ हुई घटना पर चिंता जताते हुए चिरंजीवी ने मंगलवार को गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के समक्ष यह मुद्दा उठाया। उन्होंने देश में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त प्रणाली अपनाने की मांग की।
मध्यप्रदेश में स्विट्जरलैंड की एक महिला से सामूहिक बलात्कार के बाद आगरा में ब्रिटेन की एक महिला खुद को कथित यौन हमले से बचाने के लिए होटल के कमरे से बाहर कूद गई। इससे महिला का पैर टूट गया।
शिंदे से बात करते हुए उन्होंने देश भर में सभी पर्यटकों खासकर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उपयुक्त प्रणाली अपनाने का आग्रह किया।
ऐसी घटनाओं के कारण देश में आने वाले पर्यटकों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताते हुए चिरंजीवी ने सभी मुख्यमंत्रियों से संपर्क साधना शुरू किया और उनसे आग्रह किया है कि अपने-अपने राज्यों में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए उपयुक्त प्रणाली अपनाएं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, March 19, 2013, 22:32