Last Updated: Friday, January 13, 2012, 07:26
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर निर्वाचन आयोग शिकंजा कसता जा रहा है। आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में बीते 24 घंटों में 177 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में 177 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा 800 बैनर, 3000 पोस्टर और 1066 झंडे हटाए गए। अधिकारी ने बताया कि राज्य के चुनावों की तिथियां घोषित होने के बाद अब तक 1084 लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया।
जिन प्रमुख लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है उसमें समाजवादी पार्टी(सपा) के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य शामिल हैं।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 13, 2012, 13:56