आतंकी हमले की खुफिया सूचना के बाद गणेश उत्सव पर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

आतंकी हमले की खुफिया सूचना के बाद गणेश उत्सव पर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

आतंकी हमले की खुफिया सूचना के बाद गणेश उत्सव पर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षामुंबई : आतंकी हमले की खुफिया सूचना के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने कल से शुरू हो रहे गणेश उत्सव के लिए व्यापक सुरक्षा योजना बनाई है ताकि इस वाषिर्क आयोजन के दौरान शहर के चप्पे चप्पे पर पुलिस की चौकस निगाह रहे। योजना के तहत पुलिस ने एक पहल-‘मुंबई के लिए 1 मिनट’- शुरू की है जो नागरिकों से अपील करती है कि वह केवल एक मिनट के लिए अपने आसपास नजर दौड़ाएं और अगर उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा वाहन दिखाई दे तो हेल्पलाइन नंबर 100 अथवा 022-22633333 पर सूचना दें।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सदानंद दाते ने आज बताया, हमने एक कड़ी सुरक्षा योजना बनाई है, लेकिन यह जनता के सहयोग से ही अधिक कारगर होगी, जिन्हें अपनी आंखें और कान खुले रखने होंगे। पुलिस ने पिछले महीने 6000 गणेश पंडाल आयोजकों को गणेश उत्सव के दौरान किए जाने वाले सुरक्षा उपायों और यातायात व्यवस्था की जानकारी देने संबंधी ब्यौरा प्रदान किया था। इसमें विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और आपदा नियंत्रण कक्षों के टेलीफोन नंबर भी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि ‘लालबागचा राजा’ गणेश प्रतिमा के लिए विशेष सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। यह शहर का सबसे लोकप्रिय मंडल है और यहां हर दिन एक से डेढ़ लाख तक श्रद्वालु विघ्नहर्ता के दर्शन करने आते हैं। लालबागचा राजा की सुरक्षा के लिए करीब 100 पुलिस अधिकारी, करीब 1000 सुरक्षाकर्मी और तीन अर्धसैनिक टुकड़ियों को खास तौर से तैनात किया गया है।

हालांकि दाते ने दावा किया कि आतंकी हमले की आशंका के बारे में कोई विशिष्ट खुफिया सूचना नहीं है, लेकिन एक अन्य अधिकारी ने कहा, हमें जो सूचना मिली है, वह गंभीर है और उसे अनदेखा नहीं किया जा सकता। महानगर पर आतंकी हमले की आशंका मंडरा रही है।

गणेश उत्सव के दौरान शहर में सार्वजनिक स्थलों पर 6000 गणेश पंडाल स्थापित किए गए हैं और एक लाख से ज्यादा गणेश प्रतिमाएं लोग अपने घरों में स्थापित करने वाले हैं मुंबई पुलिस के 42,000 कर्मियों के अलावा त्वरित प्रतिक्रिया दल, बम तलाश और निष्क्रिय दस्ता, राज्य आरक्षी पुलिस बल, केन्द्रीय आरक्षी पुलिस बल, त्वरित कार्रवाई बल और सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ियां भी तैनात रहेंगी।

उत्सव के दौरान सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए करीब सौ पुलिस अधिकारियों और 2,800 पुलिसकर्मियों को महाराष्ट्र के अन्य भागों से मुंबई बुलाया गया है। इसके अलावा करीब 2,500 होम गार्ड्स, 500 सिविल गार्ड्स, एनएसस के 900 स्वयंसेवक और 400 एनसीसी कर्मी शहरभर में तैनात किए जाएंगे। सड़कों और तटों पर लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए करीब 37 निगरानी टॉवर बनाए जाएंगे। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के दिन समुद्र के किनारों पर करीब 400 गोताखोरों को भी तैनात किया जाएगा।

पुलिस ने ऐसे 200 स्थानों का पता लगाया है जहां ज्यादा भीड़भाड़ रहती है, जबकि 52 स्थानों को संवेदनशील माना गया है। इन स्थानों पर हर वक्त पुलिस की मौजूदगी रहेगी। उत्सव के कारण सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सरकार ने चार दिन के लिए शोर प्रदूषण को रोकने के लिए लगाई गई बंदिशें भी हटा ली हैं। 13 सितंबर की आधी रात के बाद से 14 सितंबर, 17 और 18 सितंबर को समारोह में लाउड स्पीकर चलाने की इजाजत दी गई है। 18 सितंबर ही गणेश प्रतिमा विसर्जन का दिन है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 8, 2013, 13:13

comments powered by Disqus