Last Updated: Wednesday, July 31, 2013, 13:16
ज़ी मीडिया ब्यूरोभोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के मुखिया कांतिलाल भूरिया ने आरएसएस (राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ) के कार्यकर्ताओं पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने आरएसएस के कार्यकर्ताओं पर आदिवासी लड़कियों के साथ अत्याचार करने और उन्हें उठा ले जाने का आरोप लगाया है।
एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक भूरिया ने आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि आरएसस के कार्यकर्ता गांवों में आते हैं और वहां भोजन के बहाने घर में घुसते हैं व लड़कियों पर नजर रखते हैं।
भूरिया ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के दबाव में पुलिस इस तरह के मामलों की शिकायत भी दर्ज नहीं करती। उन्होंने आंकड़ा देते हुए बताया कि राज्य (मध्य प्रदेश) से गायब हुईं 12 हजार लड़कियों में से 8 हजार आदिवासी लड़कियां हैं।
कांतिलाल भूरिया के जवाब में आरएसएस के आनुषांगिक संगठन वनवासी कल्याण परिषद के संगंठन मंत्री प्रवीण डोलके ने भूरिया पर ही संदेह जताया। उन्होंने कहा कि भूरिया और उनके कार्यकर्ता भी कई परिवारों के घर जाते हैं।
इस आरोप के बाद देवास के आरएसएस कार्यकर्ता और वकील राजेंद्र बापट ने भूरिया के खिलाफ भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने के लिए आपराधिक मामला दर्ज कराया है। भूरिया पर आदिवासी और गैर आदिवासी लोगों के आपसी रिश्ते खराब होने का भी आरोप लगाया गया है। कोर्ट इस शिकायत पर 1 अगस्त को सुनवाई करेगी।
गौर हो कि भूरिया ने आदिवासी विकास परिषद और अनुसूचित जनजाति विभाग के पदाधिकारियों की बैठक में यह बातें कही। यह बैठक प्रदेश में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 47 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बुलाई गई थी।
First Published: Wednesday, July 31, 2013, 10:26