‘आफस्पा अस्थायी, लिया जा सकता है उसे वापस’

‘आफस्पा अस्थायी, लिया जा सकता है उसे वापस’

जम्मू : कांग्रेस ने रविवार को इस बात पर जोर दिया कि सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून :एएफएसपीए: अस्थायी है और इसे उचित सलाह-मशविरा के बाद वापस लिया जा सकता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज ने जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों के दिन भर के सम्मेलन से इतर यहां संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘आफस्पा अस्थायी कानून है। उसे जाना है। अगर प्रक्रिया पूरी होती है तो मैं इसका स्वागत करूंगा। अगर केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री इसे वापस लेने पर सहमत होते हैं तो मैं उससे सहमत होऊंगा।’’
राज्य में आगामी चुनाव और पार्टी के चुनावों और स्वतंत्र रूप से या किसी क्षेत्रीय पार्टी के साथ गठबंधन करके सरकार बनाने की पार्टी की संभावनाओं के बारे में चर्चा करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के हित में जो भी होगा, हम उसपर फैसला करेंगे।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी पीडीपी को नेशनल कान्फ्रेंस की तुलना में अधिक भरोसेमंद सहयोगी दल के रूप में देखती है तो सोज ने कहा, ‘‘मैं तभी बोलूंगा जब कांग्रेस अपनी संख्या के बारे में विश्लेषण करना शुरू कर देगी।’’

इससे पहले, प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि कांग्रेस राज्य में अकेली सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरेगी। सोज ने कहा, ‘‘यह बढ़ा-चढ़ाकर बोलना होगा कि हम अकेले सरकार बनाएंगे। लेकिन मेरा मानना है कि कांग्रेस राज्य में अकेली सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरेगी।’’

राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण और इस संबंध में पार्टी की प्रतिबद्धता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हम इस प्रक्रिया में हैं। यह होगा। हम कोई समझौता करने नहीं जा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी ने पंचायतों के मुद्दे को अपने प्रस्ताव में रखा है और आगामी चुनावों से पहले इसे तय किया जाएगा।

जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस ने आज सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें राज्य में प्रखंड विकास परिषदों, जिला विकास नियोजन बोर्ड और स्थानीय निकायों के जल्द चुनाव कराने की मांग की गई। (एजेंसी)

First Published: Sunday, July 14, 2013, 20:43

comments powered by Disqus