Last Updated: Wednesday, May 1, 2013, 09:25
सिवनी : मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दरिंदगी का शिकार बनी गुड़िया की मां विचलित हैं। उनके आंसू थम नहीं रहे हैं, मगर उनके मुंह से सिर्फ एक ही बात निकल रही है कि आरोपी को सार्वजनिक स्थल पर जिंदा जाया जाए, ताकि कोई अन्य अपराधी किसी अन्य गुड़िया की जिंदगी को बरबाद करने का साहस न कर पाए। नौ दिन तक बेटी की जिंदगी बचाने के लिए गुड़िया की मां ने नागपुर में रहकर इलाज कराया। बेटी का शव लेकर घंसोर लौटी मां का रो-रो कर बुरा हाल है। उसका कहना है कि उसका घर उजड़ गया। आज उसकी बिटिया होती तो उसके घर का हाल कुछ और होता।
वह रो-रो कर सिर्फ एक ही बात कहे जा रही थी कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए। उसे सार्वजनिक स्थल पर जलाया जाए ताकि कोई और व्यक्ति ऐसा अपराध करने का साहस न कर सके। इस तरह की सजा से किसी दूसरे की बेटी इस तरह के हादसे का शिकार नहीं बनेगी।
सिवनी जिले के घंसोर में इसी माह की 17 अप्रैल को वहशी फिरोज चार वर्षीया गुड़िया को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद उसे जान से मारने की कोशिश की थी। गुड़िया को गंभीर हालत में पहले जबलपुर और फिर नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नागपुर में गुड़िया की सोमवार की रात को मौत हो गई। मंगलवार को गुड़िया का उसके गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, May 1, 2013, 09:25