इतालवी नागरिक की रिहाई पर नए सिरे से वार्ता - Zee News हिंदी

इतालवी नागरिक की रिहाई पर नए सिरे से वार्ता

भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार और माओवादी मध्यस्थों के बीच शुक्रवार को  नए सिरे से वार्ता हुई। यह वार्ता बीजद विधायक झीना हिकाका और इतालवी नागरिक पाओलो बोसुस्को की रिहाई के बदले में जेल में बंद जिन 27 लोगों को रिहा किया जाना है उनके नाम सरकार की ओर से बताने के एक दिन बाद हुई।

 

इन दोनों को दो अलग-अलग नक्सल समूहों ने बंधक बना रखा है। हालांकि, अपहर्ताओं की ओर से लक्ष्मीपुर के 34 वर्षीय विधायक और 54 वर्षीय इतालवी नागरिक को रिहा करने के बदले में सरकार ने जिन कैदियों के नाम की घोषणा रिहा करने के लिए की है, उसपर अभी प्रतिक्रिया आनी बाकी है।

 

जहां राज्य सरकार के तीन सदस्यीय वार्ता दल का नेतृत्व गृह सचिव यू एन बेहरा ने किया, वहीं माओवादियों की ओर से उनके दो नामित वार्ताकारों बी डी शर्मा और दंडपाणि मोहंती ने वार्ता में हिस्सा लिया।

 

इस वार्ता का केंद्र उन लोगों के नामों की जांच करनी है जिन्हें जेलों से रिहा किया जाएगा। वहीं, माओवादियों की ओर से रखी गई 13 सूत्री मांग में से 12 अन्य मांगों पर भी चर्चा की गई। सूत्रों ने कहा कि अभी तत्काल यह पता नहीं चला है कि क्या वार्ता हुई लेकिन सरकारी पक्ष ने इतालवी नागरिक की रिहाई की प्रक्रिया तेज करने की आवश्यकता पर जोर दिया। (एजेंसी)

First Published: Friday, April 6, 2012, 15:51

comments powered by Disqus