उत्तरकाशी में बादल फटने से 7 की मौत, कई बहे

उत्तरकाशी में बादल फटने से 7 की मौत, कई बहे

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
देहरादून : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार देर रात बादल फटने से सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 लोग लापता हैं। ज़ी न्यूज संवाददाता के अनुसार, यह हादसा स्वर्णघाट और संगमचट्टी इलाके में हुआ है। बादल फटने से जिले के चिन्यालीसौड़ से लेकर भटवाड़ी तक लगभग 70 किमी. के इलाके में कोहराम मच गया है। गंगोत्री राजमार्ग पर 150 तीर्थ यात्रियों के फंसने की भी खबर है। चारधाम यात्रा भी रोक दी गई है।

बीती रात करीब 10 बजे आई इस आपदा के बाद कई लोगों के बह जाने की भी आशंका जताई जा रही है। एक दर्जन होटल और घर बह गए हैं। 70 किलोमीटर के दायरे में तबाही की बात अभी कही जा रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को कुमाऊं मंडल में भारी बारिश की चेतावनी दी है। देहरादून में भी कई दौर की बारिश का अनुमान लगाया गया है। पिछले कई दिनों से भारी बारिश से गढ़वाल के चमोली और उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में भूस्खलन भी हुआ जिससे हजारों लोग फंसे हुए हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री को जाने वाली चार धाम यात्रा आज लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रही।

उत्तरकाशी के गंगोत्री इलाके में भागीरथी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। बाढ़ के पानी में लगभग 30 मकान बह गये हैं और गंगोत्री पुल भी टूट गया है। राज्य के आपदा प्रबंधक मंत्री यशपाल आर्या ने बताया कि गंगोत्री में अग्निशमन सेवा के तीन जवानों की मौत हो गयी है। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत कार्य शुरू करने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से मंदिर की ओर जाने वाली सड़कों को फिर से यातायात लायक बनाने के लिए कहा है जिससे फंसे हुए यात्री अपने गंतव्य स्थान जा सकें। उन्होंने सचिवालय में विशेष चारधाम इकाई गठित करने के लिए कहा है जो उन्हें गढ़वाल इलाके की स्थिति के बारे में रोजाना रिपोर्ट भेजेगी।

First Published: Saturday, August 4, 2012, 12:12

comments powered by Disqus