Last Updated: Saturday, June 22, 2013, 11:58
ज़ी मीडिया ब्यूरोदेहरादून : उत्तराखंड में आपदा की चपेट में आकर मारे गए लोगों के संख्या 600 के करीब पहुंच गई है। इसकी पुष्टि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने भी की है। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे शनिवार सुबह प्राकृतिक आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर बचाव व राहत कार्यों का निरीक्षण करने देहरादून पहुंच गए हैं।
उत्तराखंड में 14 से 17 जून के बीच हुई मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन से केदारनाथ समेत कई इलाकों में भारी तबाही हुई है। हजारों लोग लापता हैं और चारधाम की यात्रा का समय होने के कारण इस समय उत्तराखंड में अभी भी 50 हजार से ज्यादा तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। हालांकि अब तक प्राप्त सरकारी आंकडों के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा से मृतकों की संख्या 207 हो गई है तथा 392 लोग घायल हुए हैं जबकि 334 लोग लापता बताए गए हैं। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में फंसे 62 हजार 790 लोगों में से शुक्रवार तक 55 हजार 914 लोगों को बचा लिया गया।
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा, `हिमालय के इतिहास में इस तरह की त्रासदी नहीं हुई थी।` उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पुनर्निर्माण में समय लगेगा और अगले दो वर्षों तक केदारनाथ की तीर्थयात्रा संभव नहीं हो सकेगी। आपदा से सबसे ज्यादा केदारनाथ ही प्रभावित हुआ है। बहुगुणा ने स्वीकार किया कि उत्तराखंड राष्ट्रीय आपदा राहत प्रबंधन के नियमों को पूरा नहीं किया, लेकिन कहा कि उनके प्रशासन को बादल फटने की चेतावनी नहीं दी गई थी।
First Published: Saturday, June 22, 2013, 09:10