Last Updated: Wednesday, August 29, 2012, 16:37
देहरादून : पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में बुधवार भी रुक-रुक कर वर्षा जारी रही। बारिश के कारण सड़कों पर मलवा आ जाने से चार धाम मार्ग में से तीन मार्ग आज बंद रहे। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि गंगोत्री, यमुनोत्री तथा बद्रीनाथ धाम आज विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के चलते पहाड़ों से आए मलवे के कारण मार्ग यातायात के लिए बंद रहे।
सूत्रों के अनुसार वष्रा के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। आपदाग्रस्त उत्तरकाशी जिले में राहत कार्य लगातार जारी हैं। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आज भी रुक-रुक वर्षा होती रही। ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की भी खबर है। मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार देहरादून, चमोली, रूद्रप्रयाग तथा उत्तरकाशी जिलों में अच्छी खासी वर्षा रिकार्ड की गई।
उत्तरकाशी जिले में तिलोथ के पास गत दिनों पैदल पुल की दीवार ढह जाने के बाद से उस पुल की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। दीवार ढहने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी तथा तीन अन्य घायल हो गए थे। राज्य के अन्य हिस्सों में वर्षा के चलते सड़कों पर जगह जगह मलवा आ गया है, जिससे यातायात बाधित है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 29, 2012, 16:37