Last Updated: Monday, June 17, 2013, 15:47
ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसीदेहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश ने भयंकर तबाही मचाई है। इस बारिश में अबतक 13 लोगों की मौत हो गई है और करीब 50 लोग लापता है। करीब दस हजार लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं। चमोली में कई जगहों पर पुल बह गए है। उत्तराखंड में पिछले 48 घंटे से बारिश हो रही है और अगले 24 घंटे भी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी का संपर्क टूट गया है। करीब चार हजार गाड़ियां हाईवे पर फंस गई है।
मसूरी के पास धनौल्टी में बादल फटने की खबर है। यहां 400 लोगों के फंसे होने की खबर है। चारधाम यात्रा के रास्ते बंद होने से उत्तरकाशी और चमोली में लगभग 10 हजार यात्री जहां-तहां फंस गए हैं। राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना को बुलाना पड़ा है।
केदारनाथ के पास पांच और शव बरामद होने के साथ ही उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गयी है वहीं भूस्खलन के कारण सोमवार को दूसरे दिन भी चारधाम यात्रा स्थगित रही।
चमोली जिले में अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है क्योंकि इलाके के विभिन्न गांवों से करीब 50 लोगों के लापता होने की खबर है और बचाव अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ से लगे बासुकीताल में पांच शव बरामद किए गए हैं।
यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ सड़क मार्ग और पैदल मार्ग करीब एक दर्जन स्थानों पर पत्थर एवं मलवा गिरने से जाम है। उल्लेखनीय है कि पिछले 36 घंटे में हुयी भारी बारिश के कारण कई मकान ध्वस्त हो गए वहीं भूस्खलन भी हुआ है। भारी बारिश के कारण गंगा और यमुना तथा उनकी सहायक नदियों में बाढ़ आ गयी और कई पुल, सड़कें और मकान बह गए।
गंगा की सहायक अस्सीगंगा में पानी बढ़ने से कई मकान बह गए। इनमें से एक मंदिर और चार मंजिला एक इमारत भी शामिल है जिसे पहले ही खाली करा लिया गया था। भारी बारिश के कारण कल आठ लोगों की मौत हो गयी थी।
First Published: Monday, June 17, 2013, 09:49