Last Updated: Monday, July 8, 2013, 20:32
देहरादून: बाढ़ प्रभावित उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश से राहत अभियान के बाधित होने के बीच एक घर के गिर जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी। उधर मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि लापता लोगों की संख्या बढ़कर 4,700 तक पहुंच गयी है।
अधिकारियों ने बताया कि देहरादून के विकासनगर इलाके में एक घर के गिर जाने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि पहाड़ों से गिरे मलबे के भार से घर की छत गिर गयी जिससे तीनों की वहीं मौत हो गयी।
इस बीच चमोली के जिला मजिस्ट्रेट एस ए मुरूगेसन ने बताया कि जिले की उरगाम घाटी में भारी बारिश के कारण करीब आठ मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इस वजह से उन घरों में रह रहे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
उत्तरकाशी में भागीरथी नदी के जल स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है जिससे तिलोथ एवं जोशीयारा गांवों के डूबने का खतरा है। अधिकारियों ने बताया कि नदी के किनारे बने मकानों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाने के लिए कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों से जानकारी मिलने के बाद आपदा में लापता लोगों की संख्या बढ़कर 4700 से अधिक हो गयी है। उन्होंने कहा कि इनमें से 750 लोग उत्तराखंड के हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 8, 2013, 20:32