उत्तराखंड हेलीकॉप्‍टर हादसा: 20 बहादुरों को मिलेगी सलामी गारद

उत्तराखंड हेलीकॉप्‍टर हादसा: 20 बहादुरों को मिलेगी सलामी गारद

नई दिल्ली : बाढ़ प्रभावित उत्तराखंड में फंसे लोगों को निकालने के काम में जुटे और मंगलवार को हेलिकाप्टर हादसे में मारे गए 20 बहादुरों को कल सरकार द्वारा सम्मानस्वरूप देहरादून में सलामी गारद पेश की जाएगी।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के उपाध्यक्ष एम शशिधर रेड्डी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (नौ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (छह) तथा भारतीय वायुसेना के पांच जवानों समेत 20 लोगों को कल देहरादून में साढ़े 12 बजे सलामी गारद पेश की जाएगी।

रेड्डी ने बताया कि वह राष्ट्र की सेवा में अपनी जान न्यौछावर करने वाले इन बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कल गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे साथ जाएंगे। गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना का आधुनिक एमआई 17 वी 5 हेलिकाप्टर बाढ़ प्रभावित राज्य में बचाव अभियान के दौरान खराब मौसम के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलिकाप्टर में सवार सभी 20 जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न इलाकों से अभी तक एक लाख से अधिक लोग निकाले गए हैं।

रेड्डी ने बताया कि आज दोपहर दो बजे तक हवाई और सड़क मार्ग से करीब 1495 लोगों को निकाला गया है। प्रलय के बाद से कुल 104095 लोगों को बचाया गया है। उन्होंने बताया कि आपदा में 560 लोग मारे गए, 476 घायल हुए हैं और करीब 344 लोग अभी लापता हैं। करीब 2232 घर, 154 पुल तथा 320 सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। रेड्डी द्वारा दिए गए आंकड़ें सरकारी अनुमानों से कम हैं। सरकारी आंकड़ों में 822 लोगों की जान जाने की जानकारी दी गई है। रेड्डी ने उम्मीद जताई कि बचाव अभियान कल तक पूरा कर लिया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Thursday, June 27, 2013, 20:04

comments powered by Disqus