उन्हें नकारिए जो आपको नकारते हैं: प्रियंका - Zee News हिंदी

उन्हें नकारिए जो आपको नकारते हैं: प्रियंका


रायबरेली/अमेठी : गैर कांग्रेसी सरकारों पर सालों से उत्तर प्रदेश की जनता को नकारने का आरोप लगाते हुए प्रियंका वाड्रा ने गुरुवार को कहा कि लखनऊ में कांग्रेस की सरकार बनने पर ही प्रदेश में विकास हो सकता है। रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि 22 साल बाद आपके पास प्रदेश को बदलने का मौका है। इस चुनाव में नौजवानों और बच्चों के भविष्य को बनाने का मौका है। अगर आपने बदलाव नहीं किया तो आप वहीं की वहीं रह जाएंगे।

 

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस के शासन में उत्तर प्रदेश विकसित राज्य था, लेकिन पिछले 22 सालों से प्रदेश में विकास नहीं हुआ। इसलिए राज्य विकास की दौड़ में पीछे रह गया। गैर कांग्रेसी सरकारों में भ्रष्टाचार और अराजकता का बोलबाला है।

 

मायावती सरकार पर तीखा हमला करते हुए प्रियंका ने कहा कि विकास और उन्नति का वादा करके बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सत्ता में आई, लेकिन पिछले 5 साल से आपने देखा कि केंद्र से राज्य के विकास के लिए भेजा जाने वाला हजारों करोड़ रुपया पार्को को बनाने में जाया किया गया। खुद की ऊंची-ऊंची इमारतों को खड़ा करने में खर्च किया गया।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश का नौजवान दूसरे राज्यों में जाकर नौकरी करता है। क्या उसे अपने राज्य में रोजगार पाने का अधिकार नहीं है। आप ये सवाल अपने आप से पूछिए। राजनीतिक दल आपके पास अपना स्वार्थ साधते हैं। जागिए। जागरूक बनिए। किसी को खुद का फायदा उठाने की मौका मत दीजिए। अपनी शक्ति को पहचानिए।

 

पहले चरण के मतदान प्रतिशत पर खुशी जताते हुए प्रियंका ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार 62 फीसदी मतदान हआ है। उम्मीद करती हूं कि आप भारी संख्या में घरों से मतदान के लिए निकलकर कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे। कांग्रेस की सरकार बनने पर ही सूबे का विकास हो सकता है। इस चुनाव में ऐसी राजनीति को नकारिए जो 22 सालों से अपको नकारती आ रही है। कहा जा रहा है कि प्रियंका अगले तीन से चार दिन रायबरेली और अमेठी की 10 सीटों पर प्रचार करेंगी।

 

उधर, अमेठी में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने अपने भाई राहुल गांधी और मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान को बुधवार को फिर से आगे बढ़ाते हुए दावा किया कि प्रदेश में इस बार हवा कांग्रेस के पक्ष में है। राहुल के संसदीय क्षेत्र अमेठी और सोनिया के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर प्रचार के दूसरे दौर में अपने दोनों बच्चों रेहान और मिराया के साथ बुधवार को यहां पहुंचीं प्रियंका ने सलोन विधानसभा क्षेत्र के करैइया बाजार में एक जनसभा को संबोधित किया।

 

लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव लाने के लिए राहुल जी पूरे राज्य में दौरा कर रहे हैं, इस बार हवा कांग्रेस के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि बीते 22 साल के दौरान सत्ता में रहीं गैर कांग्रेसी सरकारों ने प्रदेश का कोई विकास नहीं किया। सपा सरकार में गुण्डाराज कायम हो गया और बसपा राज में विकास का पैसा कुछ लोगों की जेब में चला गया। प्रियंका ने कहा कि जाति पात के आधार पर सत्ता हासिल करने वाले दलों ने प्रदेश और इसके लोगों के हितों की भी चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं का पैसा आम जनता तक नहीं पहुंचा और उसे सत्ता में रहे लोगों ने बीच में ही लूट लिया। उन्होंने इस मौके पर मंच से उतरते समय वहां मौजूद महिलाओं से बातचीत की और उनका हालचाल पूछा।

(एजेंसी)

First Published: Thursday, February 9, 2012, 15:52

comments powered by Disqus