उप्र निकाय चुनाव : भाजपा का परचम, सपा-बसपा को झटका

उप्र निकाय चुनाव : भाजपा का परचम, सपा-बसपा को झटका

उप्र निकाय चुनाव : भाजपा का परचम, सपा-बसपा को झटकाजी न्यूज ब्यूरो

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सम्पन्न हुए निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बाजी मार ली है। राज्य के 12 नगर निगमों में से आठ पर भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है जबकि चार निगम सीटों पर देर शाम तक मतगणना जारी है। राज्य में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) और मुख्य विपक्षी दल बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को एक-एक सीट मिली है जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका।

राज्य की 12 नगर निगम सीटों में से मुरादाबाद, अलीगढ़, झांसी गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, मेरठ नगर निगम की सीट पर जहां भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है, वही दूसरी ओर इलाहाबाद जैसी प्रतिष्ठित सीट पर उसे मुंह की खानी पड़ी है।

झांसी नगर निगम सीट से महापौर पद के लिए भाजपा की प्रत्याशी किरण वर्मा ने 25 हजार मतों से जीत हासिल की है जबकि इलाहाबाद की प्रतिष्ठित नगर निगम सीट पर बसपा सरकार के दौरान मंत्री रहे नंदगोपाल नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता नंदी ने भाजपा उम्मीदवार को करारी शिकस्त दी है।

इसके अलावा बरेली सीट से निर्दलीय उम्मीदवार आईएस तोमर ने जीत हासिल की है।

मुरादाबाद नगर निगम सीट से महापौर पद की भाजपा प्रत्याशी वीणा अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के हुमायूं कादर को करीब 70,000 मतों से करारी शिकस्त दी है।

वीणा अग्रवाल ने जहां 99,237 मत हासिल किए वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी हुमायूं कादर को केवल 30 हजार मतों से ही संतोष करना पड़ा।

मुरादाबाद के अलावा अलीगढ़ नगर निगम सीट से महापौर पद की भाजपा प्रत्याशी शकुंतला भारती विजयी हुई हैं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी रजिया खान को हराया है। भारती ने रजिया खान को लगभग 40 हजार से अधिक मतों से हराया है।

विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने वाली सपा को नगर निगम चुनाव में तगड़ा झटका लगा है, वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है।

First Published: Saturday, July 7, 2012, 19:16

comments powered by Disqus